ऋषिकेश , दिसंबर 27 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कुख्यात गैंगस्टर विनय त्यागी की शनिवार सुबह करीब आठ बजे उपचार के दौरान मौत हो गई।

गौरतलब है कि लक्सर में पेशी के दौरान हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल विनय त्यागी को कुछ दिन पहले एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उसका इलाज कर रही थी।

चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन के दौरान उसकी गर्दन और हाथ में फंसी गोलियां निकाल दी गई थीं लेकिन गोली लगने से उसकी आंतें फट गई थीं। हालत लगातार नाजुक बनी रहने के कारण उसे आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया था।

ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि आज सुबह करीब आठ बजे विनय त्यागी ने दम तोड़ दिया। मूल रूप से मुजफ्फरनगर के गांव खाईखेड़ी निवासी हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी को देहरादून पुलिस ने एक अक्टूबर को लाखों रुपये की नकदी और जेवर चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। हरिद्वार जिले में दर्ज अन्य मुकदमों के कारण उसे 12 दिसंबर को रुड़की कारागार भेजा गया था।

बीते बुधवार दोपहर पुलिस टीम उसे पेशी के लिए लक्सर कोर्ट ले जा रही थी। इसी दौरान लक्सर रेलवे ओवरब्रिज पर जाम में फंसे पुलिस वाहन पर मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। वाहन में विनय त्यागी के साथ छह पुलिसकर्मी सवार थे। हमले के बाद आरोपी असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस ने इस सनसनीखेज हमले में शामिल दोनों आरोपियों सनी यादव उर्फ शेरा और अजय को खानपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी काशीपुर (उधम सिंह नगर) के निवासी बताए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित