चंडीगढ़/ जालंधर , जनवरी 20 -- पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को कहा कि पुलिस ने एक एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन शुरू की है, जिसमें लोगों से जानकारी शेयर करके वांछित अपराधियों को पकड़ने में मदद करने के लिए सहयोग मांगा गया है।

श्री यादव ने कहा कि सभी जानकारियों को पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा, और सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 10 लाख रुपये तक का नकद इनाम दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि गैंगस्टर से जुड़े किसी भी अपराध की स्थिति में वे अपराधियों को पकड़ने में पुलिस की मदद करने के लिए तुरंत जानकारी सांझा करें।

पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता पवन कुमार टीनू ने जालंधर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए नशा तस्करों के खिलाफ चलायी गयी 'युद्ध नशयां विरुद्ध' सफल मुहिम के बाद पंजाब पुलिस द्वारा गैंगस्टरों के खिलाफ शुरू की गयी 'गैंगस्टरां ते वार' अभियान की प्रशंसा की है।

श्री टीनू ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य पंजाब को गैंगस्टरवाद और संगठित अपराध से पूरी तरह मुक्त करना है।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में गैंगस्टरों ने पंजाब की शांति भंग करने की कोशिश की, लेकिन अब इस शब्द को ही खत्म करने का संकल्प पंजाब सरकार ने लिया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार 'युद्ध नशेआं विरुद्ध' अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गयी, हजारों तस्करोंको सलाखों के पीछे भेजा और उनकी अवैध कमाई से खड़ी की गयी इमारतों को जमींदोज किया गया, उसी मजबूती और इच्छाशक्ति के साथ अब गैंगस्टरों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

श्री टीनू ने बताया कि जेलों में बैठे गैंग चलाने वाले गैंगस्टरों पर नज़र रखने के लिए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया गया है। इसके अलावा विदेशों में बैठकर फिरौती, धमकी और संगठित अपराध चलाने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ भी पंजाब पुलिस ने एक ठोस और व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया है। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों को किसी भी प्रकार की मदद देने वाले लोग, चाहे वे फंडिंग कर रहे हों, उन्हें पनाह दे रहे हों या सूचना लीक कर रहे हों, सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो ट्रैवल एजेंट गैंगस्टरों को अवैध तरीके से विदेश भेजने में मदद कर रहे हैं या उन्हें कानून से बचाने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें भी बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित