नयी दिल्ली , फरवरी 11 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल के औसत भाव लगभग स्थिर रहे। चावल के साथ चीनी में भी टिकाव देखा गया। गेहूं के दाम बढ़ गये जबकि खाद्य तेलों और दालों की कीमतों में उतार-चढ़ाव रहा।

औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 3,850 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रही। गेहूं की कीमत 16 रुपये बढ़कर 2,865 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। आटा भी आठ रुपये महंगा हुआ।

दाल-दलहनों में मिलाजुला रुख रहा। चना दाल औसतन तीन रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। तुअर दाल 22 रुपये और उड़द दाल 17 रुपये सस्ती हुई। मूंग दाल की कीमत भी पांच रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी। मसूर दाल में कमोबेश टिकाव रहा।

विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अप्रैल वायदा 35 रिंगिट टूटकर 4,060 रिंगिट प्रति टन रह गया। अमेरिकी सोया तेल का मार्च वायदा भी 0.42 प्रतिशत फिसलकर 57.03 सेंट प्रति पौंड बोला गया।

स्थानीय बाजारों में सरसों तेल की औसत कीमत 74 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। सोया तेल 55 रुपये और पाम ऑयल 30 रुपये महंगा हुआ। मूंगफली तेल की कीमत 24 रुपये और सूरजमुखी तेल की 23 रुपये बढ़ी। वहीं, वनस्पति 14 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ।

मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव पांच रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गये। चीनी में लगभग टिकाव रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित