चंडीगढ़ , अप्रैल 23 -- हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा है कि अब तक करीब 81 लाख टन गेहूं मंडियों में पहुंच चुका है, लेकिन उठान केवल 27 लाख टन ही हो पाया है।

उन्होंने कहा कि इस साल उत्पादन लगभग 125 लाख टन रहा, जबकि सरकार ने खरीद लक्ष्य 72 लाख टन तय किया है, जो पिछले साल से कम है। श्री गर्ग ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण किसान, आढ़ती और मजदूर आर्थिक संकट झेल रहे हैं।

उनके अनुसार, पिछले कई दिनों से किसान अपनी फसल बेचने के लिए मंडियों में इंतजार कर रहे हैं। बायोमेट्रिक सत्यापन, ट्रैक्टर नंबर दर्ज करने और अन्य नये नियमों को उन्होंने अनावश्यक बताया और कहा कहा कि इससे खरीद प्रक्रिया धीमी हुई है और मंडियों में ट्रैक्टरों की लंबी कतारें लग गयी हैं।

श्री गर्ग ने मुख्यमंत्री के 48 घंटे में खरीद, उठान और भुगतान के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई जगह 15-16 दिन बाद भी उठान नहीं हुआ है। उन्होंने मांग की कि सरकार 72 घंटे के भीतर खरीद, उठान और भुगतान सुनिश्चित करे और देरी पर किसानों को ब्याज दिया जाये।

इसके अलावा, उन्होंने आढ़तियों को पहले की तरह 2.5 प्रतिशत कमीशन देने की मांग करते हुए सरकार से किसान और आढ़ती हित में फैसले लेने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित