हरदोई , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में 12 फरवरी को गेस्ट हाउस संचालक अनिल कुमार सिंह उर्फ नीशू सिंह की हुई नृशंस हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान इस हत्याकांड में शामिल एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार लोनार थाना क्षेत्र में नकटौरा पुलिया के पास गेस्ट हाउस संचालक अनिल सिंह का शव 12 फरवरी की शाम थाना क्षेत्र से करीब दो किलोमीटर दूर राजबहादुर इंटर कॉलेज के पास सुखेता नदी किनारे बरामद किया गया था। शव के पास खून से सना बांका भी मिला था, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतक मूल रूप से पुरौरी गांव का निवासी था।
मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने प्रारंभ में कुछ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक जुआ खेलने का शौकीन था और जुआ खेलने वाले युवकों को कर्ज भी देता था। इसी कर्ज के लेन-देन को लेकर उसकी हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस ने बताया कि 17 फरवरी की रात मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल एक आरोपी बाइक से बावन कस्बे की ओर जा रहा है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यम के रूप में हुई है, जो मृतक के ही गांव का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और उसके दो साथी लगातार जुए में हार रहे थे और कर्ज बढ़ता जा रहा था। जब अनिल सिंह ने अपने पैसे वापस मांगे तो तीनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। जुआ खेलने के बहाने जंगल में बुलाकर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि जिन लोगों को प्रारंभ में नामजद किया गया था, उनकी प्रत्यक्ष भूमिका अब तक सामने नहीं आई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित