पटना , नवंबर 22 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को शपथ ग्रहण के बाद पहली बार भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उनका पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान पूरे परिसर में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के समर्थन में जोरदार नारे गूंजते रहे और माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण रहा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्हें भाजपा नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसे वे पूरी निष्ठा से निभायेंगे।
उन्होंने प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाते हुये कहा कि, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार में लगातार सुशासन को और मजबूत करने का प्रयास किया जायेगा।'गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में वर्षों से सुशासन की व्यवस्था कायम रही है और आगे भी वही व्यवस्था कायम रहेगी। उन्होंने कहा कि, 'नीतीश कुमार ने लगातार सुशासन स्थापित किया है। आगे भी सुशासन की पूरी व्यवस्था उनके ही मार्गदर्शन और नेतृत्व में होगी।' उन्होंने यह भी दावा किया कि बिहार में स्थापित व्यवस्था ने अराजकता और तथाकथित जंगलराज को समाप्त कर दिया है।
गृहमंत्री के रूप में अपने रुख को स्पष्ट करते हुये उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में फिर से अराजकता फैलाने की किसी को अनुमति नहीं दी जायेगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि, 'अपराधियों के लिए बिहार नहीं है। अपराधियों को बिहार से बाहर जाना ही होगा।'उन्होंने आश्वस्त किया कि कानून- व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी।
उनके आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि गृह मंत्री के रूप में सम्राट चौधरी की भूमिका से बिहार में कानून- व्यवस्था और भी मजबूत होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित