पौड़ी 20जनवरी (वार्ता) उत्तराखंड के पौड़ी में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लक्ष्मणझूला क्षेत्र के दौरे को देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि 21 जनवरी को गृहमंत्री, भारत सरकार के लक्ष्मणझूला क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत पौड़ी पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को पूर्णतः सुदृढ़, समन्वित एवं त्रुटिरहित बनाए जाने हेतु आज वीवीआईपी ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस बल की गीता भवन कार्यक्रम स्थल में विस्तृत ब्रीफिंग की गई।
उन्होंने बताया कि ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों द्वारा वीवीआईपी सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण पहलू पर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए एवं स्पष्ट किया गया कि रूट सुरक्षा, कार्यक्रम स्थल एवं हैलीपैड की सुरक्षा, इंटेलिजेंस-आधारित निगरानी, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली पर विशेष फोकस रखा जाए।
पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि ड्यूटी के दौरान उच्च सतर्कता, अनुशासन, संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं विनम्र व्यवहार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। यह भी स्पष्ट किया गया कि वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक पूर्णतः अस्वीकार्य होगी।
सभी पुलिसकर्मियों को अपने-अपने कर्तव्य क्षेत्रों की गंभीरता को समझते हुए पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं मनोयोग से ड्यूटी निर्वहन करने के निर्देश दिए गए, साथ ही आम नागरिकों की सुविधा एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम स्थल, हैलीपैड एवं रूट ड्यूटी में नियुक्त प्रभारियों को हैंडहेल्ड सेट उपलब्ध कराए जाने तथा समय से वीवीआईपी कंट्रोल रूम स्थापित किए जाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित