हरिद्वार , जनवरी 22 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड के हरिद्वार आगमन पर प्रशासन ने पूरे जनपद में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं और शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर है।
श्री शाह बुधवार देर शाम तीर्थनगरी हरिद्वार पहुंच गए थे। अपने प्रवास के दौरान श्री शाह गुरुवार को शहर के तीन महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। गृह मंत्री महर्षि दयानंद ग्राम स्थित पतंजलि योगपीठ में 'पतंजलि इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल' का उद्घाटन करेंगे। इसके तुरंत बाद, वह सुबह गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचेंगे, जहां वे अखंड ज्योति के दर्शन करेंगे।
गृह मंत्री के कार्यक्रमों को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन चेकिंग और यातायात नियंत्रण की योजना लागू की है। पूरे जनपद को हाई अलर्ट पर रखा गया है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित