श्रीनगर , जनवरी 05 -- जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात दर्ज की गयी, जब पारा गिरकर शून्य से 8.8 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग के अनुसार, घाटी के सभी मौसम केंद्रों में मध्यरात्रि के दौरान तापमान शून्य से नीचे बना रहा, दक्षिण और उत्तरी कश्मीर में भी तापमान मेंभारी गिरावट देखी गयी।

मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित गुलमर्ग में पिछली रात तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। तापमान में इस भारी गिरावट के बाद यह कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान बन गया। गुलमर्ग में पिछले 24 घंटों में करीब चार सेंटीमीटर हिमपात फिर हुआ।जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे से थोड़ा कम है।

दक्षिण कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह शून्य से 4.0 डिग्री सेल्सियस नीचे था। पहलगाम में पिछले 24 घंटों में हल्की बर्फबारी भी हुई।

शोपियां में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पुलवामा में तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। कश्मीर के प्रवेश द्वार माने जाने वाले काजीगुंड में तापमान शून्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे अंकित किया गया।

उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है, साथ ही कहा है कि आने वाले दिनों में कश्मीर में किसी बड़े मौसम संबंधी विक्षोभ के आसार नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित