पौड़ी , मार्च 19 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिले में गुलदार (तेंदुआ) की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने आमजन की सुरक्षा के मद्देनज़र गुरुवार को विस्तृत परामर्श जारी किया।
विभाग ने नागरिकों से सतर्कता बरतने और दैनिक जीवन में आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है, ताकि संभावित खतरे को कम किया जा सके।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) गढ़वाल, महातिम यादव ने आज बताया कि घरों के आसपास झाड़ियों की नियमित साफ-सफाई बेहद जरूरी है, जिससे जंगली जानवरों के छिपने की संभावना कम हो जाती है। उन्होंने कहा कि विशेषकर शाम और रात्रि के समय घरों एवं आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है।
वन विभाग ने अभिभावकों को सलाह दी है कि वे बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और स्कूल आते-जाते समय उनके साथ किसी वयस्क को अवश्य रखें। साथ ही यदि कहीं गुलदार या अन्य जंगली जानवर दिखाई दे, तो घबराने या शोर मचाने के बजाय शांत रहें और उससे दूरी बनाए रखें।
पालतू पशुओं की सुरक्षा पर भी विभाग ने जोर दिया है। पशुओं को खुले में छोड़ने के बजाय सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखने और कूड़ा-कचरा खुले में न डालने की हिदायत दी गई है, जिससे जंगली जानवरों के आकर्षित होने की संभावना कम हो।
डीएफओ ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का अचानक जंगली जानवर से आमना-सामना हो जाए तो घबराने के बजाय संयम बनाए रखें। पीठ दिखाकर भागने के बजाय धीरे-धीरे पीछे हटें और जानवर को उकसाने से बचें। साथ ही उसकी आंखों में सीधे देखने से भी परहेज करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित