चंडीगढ़ , मार्च 26 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सच्चा धन गुरु के चरणों में और 'नाम' कमाने में निहित है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में वास्तविक शांति केवल गुरु की उपस्थिति में ही मिल सकती है।

मुख्यमंत्री पंजाब के लुधियाना स्थित गुरुद्वारा श्री नानकसर साहिब में आयोजित धार्मिक सभा के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर बाबा घाला सिंह, संत-महात्मा और देश-विदेश से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे।

दुर्गा अष्टमी और राम नवमी की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नानकसर साहिब एक पवित्र स्थल है, जिसकी स्थापना बाबा नंद सिंह जी महाराज ने अपनी तपस्या से की थी। उन्होंने बताया कि बाबा ईश्वर सिंह जी महाराज ने भी यहां वर्षों तक साधना कर इस स्थान को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब व्यक्ति सच्चे मन से गुरु में आस्था रखता है, तो जीवन का मार्ग स्वयं प्रशस्त हो जाता है। उन्होंने यहां की अनूठी लंगर व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालु अपने घरों से भोजन लाकर सेवा करते हैं, जो समानता और भाईचारे का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार संत-महापुरुषों के विचारों के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ पर राज्यभर में कार्यक्रम आयोजित किये गये। साथ ही, गुरुओं के नाम पर विभिन्न संस्थानों और परियोजनाओं की स्थापना की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने 1984 दंगों से प्रभावित परिवारों के लिए सरकार के उठाये गये कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों के एक सदस्य को नौकरी देने का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार गुरुओं की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित