भोपाल , दिसंबर 03 -- गुरुवार 4 दिसंबर की शाम का चंद्रमा बेहद खास होने वाला है। आज का कोल्डमून सुपरमून के रूप में दिखाई देगा। नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि पृथ्वी के पास पहुंचने के कारण यह पूर्णिमा का चंद्रमा सामान्य दिनों की तुलना में बड़ा और अधिक चमकीला नजर आएगा। गुरुवार को चंद्रमा पृथ्वी से लगभग 3 लाख 57 हजार 218 किलोमीटर की दूरी पर रहेगा। इसे कोल्ड मून के नाम से भी जाना जाता है।
सारिका ने बताया कि उदित होते समय 'मून इल्यूजन' के कारण चंद्रमा सामान्य से अधिक बड़ा दिखाई देगा। आज रात पूर्व से पश्चिम की ओर बढ़ते हुए यह शुक्रवार सुबह करीब 4 बजकर 44 मिनट पर पृथ्वी के सबसे निकट बिंदु 'पेरिजी' पर पहुंच जाएगा। इसके अवलोकन के लिए किसी विशेष उपकरण की आवश्यकता नहीं है। शहर की रोशनी से दूर स्थानों से देखने पर इसकी चमक और अधिक प्रभावी दिखाई देगी।
उन्होंने बताया कि सुपरमून तब बनता है जब पूर्णिमा के समय चंद्रमा पृथ्वी की कक्षा में घूमते हुए अपने सबसे निकट बिंदु पर पहुंचता है। इस स्थिति में वह सामान्य पूर्णिमा की तुलना में बड़ा और अधिक चमकीला दिखता है। सुपरमून की चांदनी को विशेष रूप से महसूस करने के लिए खुले और कम प्रकाश वाले स्थान उपयुक्त होते हैं।
सारिका ने कहा कि यह इस वर्ष की अंतिम पूर्णिमा का सुपरमून है, इसलिए इसे देखने का अवसर विशेष रहेगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे आज शाम व रात आकाश में इस अद्भुत खगोलीय दृश्य का आनंद अवश्य लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित