श्रीगंगानगर , मार्च 12 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में श्री गुरुनानक कृष्णा मंदिर समिति की ओर से गुरुनानक देव के पावन प्रकाश उत्सव को समर्पित आठ जरूरतमंद कन्याओं का भव्य सामूहिक विवाह समारोह 15 मार्च को आयोजित किया जाएगा।
समारोह की पूर्व संध्या पर 14 मार्च शाम को पंजाबी पारंपरिक 'जागो' और मेहंदी की रस्म के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा।
समिति के अध्यक्ष मनजीतसिंह मंड ने गुरुवार को मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि क्षेत्र के प्रसिद्ध कलाकार इस कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए मंच संभालेंगे। 'जागो' में गुरुमुख मुसाफिर, अरविंद अबोहर, लोकप्रिय कलाकार मनजोत मनु,, गायिका अश्मिता जैन, फतेहसिंह मोहाली, चन्नी सुखचैन, अमित भाटिया म्यूजिकल ग्रुप, वीना, सतवीर चहल, सतवीर सरां हनुमानगढ़, राजा हंटर, रश्मि लहोरिया, जगदीप जग्गा आदि भांगड़ा और गिद्धा सहित कई लोकगीत कलाकार प्रस्तुतियाँ देंगे।
उन्होंने बताया कि 15 मार्च को सुबह 10 बजे मंदिर समिति के पदाधिकारी बारातों का स्वागत करेंगे। इसके बाद साढ़े 11 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण, फेरे एवं आनंद कारज की रस्म के साथ सभी जोड़ों का विवाह संपन्न होगा। मंदिर के सामने लगाए गए पंडाल में विशेष कीर्तन दीवान भी चलेगा। अरदास के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा। शाम करीब चार बजे नवविवाहित जोड़ों को विदाई दी जाएगी। समिति की ओर से सभी जोड़ों को वैवाहिक जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू सामान भी भेंट किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित