मुंबई , अक्टूबर 10 -- अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अदाणी ने फिल्म जगत के दिग्गज अभिनेता गुरुदत्त और राज कपूर की शताब्दी पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका सिनेमा जगत में योगदान परिवर्तनकारी शक्ति का उदाहरण है।
श्री अडानी ने फिल्मकार सुभाष घई द्वारा स्थापित व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल में सिनेमा के छात्रों को संबोधित करते हुये कहा, "सिनेमा राष्ट्र निर्माण की आत्मा है और साथ ही चेताया भी कि कहानियां - चाहे वे कला, मीडिया या बाजार में हों - भाग्य को तय करने की शक्ति रखती हैं।"उन्होंने "जीना यहाँ, मरना यहाँ: राष्ट्र निर्माण की सिनेमाई आत्मा" शीर्षक से अपने मुख्य भाषण में कहा, कि सिनेमा एक चलायमान कविता और रंगों का तालमेल है। उन्होंने फिल्मों को समाज की सामूहिक चेतना, संस्कृतियों के बीच सेतु बनाने वाले उपकरण तथा सरकारों और नीतियों से भी अधिक समय तक टिकने वाली सॉफ्ट पावर का शक्तिशाली रूप बताया।
श्री अडानी ने फिल्म जगत के दिग्गज गुरुदत्त और राज कपूर की शताब्दी पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये कहा कि उनका काम सिनेमा की परिवर्तनकारी शक्ति का उदाहरण है। उन्होंने कहा, "राज कपूर की 'अनाड़ी' के गीत सिर्फ़ कला नहीं, बल्कि दर्शन को समेटे हुए हैं। उन्होंने दुनिया को सही मायने में भारत के दर्शन कराए।" उन्होंने कहा कि सोवियत संघ में राज कपूर की लोकप्रियता ने ऐसे समय में राष्ट्रों के बीच संबंधों को मज़बूत किया जब राजनीतिक गठबंधन कमज़ोर थे।
अडानी समूह के अध्यक्ष ने बताया कि सिनेमा ने उनके निजी सफ़र को आकार दिया। उन्होंने कहा कि वह 16 साल की उम्र में खाली जेब के साथ मुंबई आये थे लेकिन उनके सामने सपनों का आसमान था। 30 साल की उम्र तक, उन्होंने भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक घराना खड़ा कर लिया था। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) फिल्म निर्माण में उसी तरह क्रांति लाएगी जैसे यह स्वास्थ्य सेवा और ऊर्जा क्षेत्र में बदलाव ला रही है।
श्री अडानी ने व्हिसलिंग वुड्स में पढ़ने वाले छात्रों से अपील की कि दुनिया के सामने भारतीय कहानियों को विदेशी नज़रिए से न पेश करें। उन्होंने स्लमडॉग मिलियनेयर फिल्म का उदाहरण देते हुए कहा कि कैसे गरीबी को तमाशे की तरह पेश किया गया है। उन्होंने कहा, "अब कभी भी किसी भारतीय महात्मा की कहानी किसी विदेशी की नज़र से नहीं लिखी जानी चाहिए। भारत को उसकी आवाज़, उसके गीत, उसकी कहानियां वापस दे दीजिए।"व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग जगत के दिग्गज, शिक्षाविद और जानीमानी हस्तियों ने भाग लिया, जिनमें फिल्म निर्माता सुभाष घई, फैकेल्टी मेंबर और भारत के मनोरंजन और मीडिया जगत की प्रमुख हस्तियां शामिल थीं, जिन्होंने छात्रों के साथ मिलकर गौतम अडानी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित