गुरुग्राम , जनवरी 21 -- हरियाणा में गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 इलाके के पास बने एक लेबर कैंप में मजदूर की संदिग्ध मौत के बाद बुधवार को भारी हंगामा हो गया। साथी श्रमिक की मौत से आक्रोशित मजदूरों ने ठेकेदार और कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए और पुलिस को शव उठाने से रोक दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्माण स्थल पर काम करने वाले एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि मौत के बाद ठेकेदार और कंपनी के अधिकारियों ने शव को नाले के पास रखवा दिया, जिससे मजदूर भड़क उठे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन गुस्साए मजदूरों ने पुलिस को भी शव उठाने नहीं दिया।
इतना ही नहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही एक पिकअप गाड़ी को मजदूरों ने रास्ते में रोक लिया और उसमें रखे शव को नीचे उतार दिया। इसके बाद आक्रोशित मजदूरों ने पिकअप वाहन को पलट दिया। मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
मजदूरों ने निर्माण स्थल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया, जिससे काम पूरी तरह ठप हो गया।
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में श्रमिक एकत्र हो गए, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित