गुरुग्राम , अप्रैल 07 -- हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-9 थाना क्षेत्र के सूर्या विहार में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है, यहां ढाई साल की बालिका की हत्या कर दी गयी है।

सोमवार रात हुई घटना में मृत बालिका अनिका की मां नेहा भी इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गयी, उसका गला कटा हुआ पाया गया। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-9 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बालिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घर और आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस वारदात को किसने अंजाम दिया। गुरुग्राम सेक्टर-9 थाना के एसएचओ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं।

इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस का कहना है किजल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित