चंडीगढ़ , अप्रैल 10 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में पेयजल आपूर्ति मजबूत करनेके लिए जल आपूर्ति नहर के पुनर्निर्माण को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी को देखते हुए दीर्घकालिक योजना के तहत 2050 तक पर्याप्त पेयजल सुनिश्चित किया जाएगा।
स्थायी वित्त समिति की बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि सोनीपत के काकरोई हेड से बसई जल संयंत्र तक बनने वाली लगभग 70 किलोमीटर लंबी नहर से 686 क्यूसेक पानी की आपूर्ति होगी। इस परियोजना पर करीब 1,993 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे।
उन्होंने नहर की क्षमता बढ़ाकर 1,000 क्यूसेक करने के निर्देश भी दिये। साथ ही एनसीआर नहर से 500 क्यूसेक पानी मिलने के बाद गुरुग्राम को कुल 1,500 क्यूसेक पानी उपलब्ध होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने परियोजना को उच्च गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ तय समय से पहले पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने सौर ऊर्जा के उपयोग और जल शोधन संयंत्र स्थापित करने के लिए भूमि चिह्नित करने के निर्देश भी दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित