चंडीगढ़ , फरवरी 09 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुग्राम के समग्र विकास और आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर और प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
मुख्यमंत्री गुरुग्राम में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह पटौदी विधायक बिमला चौधरी और सोहना विधायक तेजपाल तंवर भी उपस्थित रहे।
बैठक में कुल 17 परिवाद रखे गए, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया जबकि शेष 5 मामलों पर संबंधित अधिकारियों को आगामी बैठक तक स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सेक्टर-10ए स्थित उमंग भारद्वाज चौक से गाडौली होते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे तक सड़क की खराब स्थिति पर संज्ञान लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि 24 घंटे के भीतर सड़क को गड्ढा-मुक्त किया जाए तथा अतिक्रमण होने की स्थिति में उसे तुरंत हटाया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क चाहे किसी भी विभाग के अधीन हो नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए एक माह के भीतर सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कर उन्हें मोटरेबल बनाया जाए।
सेक्टर-85 स्थित कार्नेशन रेजीडेंसी की सड़क अवरोध समस्या पर मुख्यमंत्री की त्वरित पहल से समाधान सुनिश्चित किया गया है। संबंधित निजी भूमि को बिल्डर द्वारा खरीद लिया गया है और पुरानी इमारतों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
दो सप्ताह में 24 मीटर चौड़ी संपर्क सड़क का निर्माण किया जाएगा जिससे सेक्टर-86 मुख्य मार्ग और द्वारका एक्सप्रेसवे से सीधा संपर्क स्थापित होगा। इससे करीब 7,000 निवासियों और 800 स्कूली छात्रों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित