राची , जनवरी 15 -- झारखंड के गुमला जिले के गुमला-रांची मुख्य मार्ग पर गुरुवार अहले सुबह करीब साढ़े चार बजे भड़गांव के पास भयंकर सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।
गुमला एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने घटना की पुष्टि की है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार हाइवा ने पीछे से पिकअप वैन को जोरदार ठोक दिया, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हैं।रांची के व्यवसायी तिलकुट लदे पिकअप से गुमला की ओर जा रहे थे। भड़गांव पहुंचते ही पीछे से अनियंत्रित हाइवा ने जबरदस्त धक्का मारा। टक्कर इतनी प्रचंड थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए, चारों यात्रियों ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। स्थानीयों की मदद से पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। दो घायलों को मलबे से निकालकर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रिम्स रेफर कर दिया।
भरनो थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे। हाइवा और पिकअप दोनों वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित