रांची , जनवरी 21 -- झारखंड के गुमला जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने चैनपुर थाना प्रभारी शैलेश कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
एसीबी सूत्रों ने आज बताया कि चैनपुर थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में थाना प्रभारी द्वारा अवैध रूप से घूस की मांग किए जाने की शिकायत एसीबी को मिली थी। शिकायत की गोपनीय जांच कराए जाने के बाद आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद एसीबी ने जाल बिछाने का निर्णय लिया।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही थाना प्रभारी शैलेश कुमार ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि स्वीकार की, मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।
इसके बाद गिरफ्तार थाना प्रभारी को एसीबी की टीम अपने साथ रांची ले गई, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित