गांधीनगर , अक्टूबर 17 -- गुजरात में शुक्रवार को भूपेंद्र पटेल मंत्रिमंडल का पुनर्गठन कर 25 मंत्रियों को शपथ दिलायी गयी।
इनमें छह कैबिनेट स्तर के, तीन स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री और 12 राज्य मंत्री हैं। अब तक कैबिनेट मंत्री का पद भार संभाल रहे हर्ष संघवी को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। मंत्रिपरिषद में क्रिकेटर रवीन्द्र जड़ेजा की पत्नी रीवाबा जडेजा समेत तीन महिलाओं को शामिल किया गया है। पिछली मंत्रिपरिषद के छह मंत्रियों को फिर मंत्री बनाया गया है, जबकि 10 मंत्रियों को मंत्रिपरिषद में जगह नहीं मिल पायी गयी है। श्री अर्जुन मोडवाडिया को भी मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया है, जो एक समय राज्य में कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे हैं। उन्होंने 2024 में कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने यहां महात्मा मंदिर में एक समारोह में मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। राज्य में 2022 में सरकार बनने के बाद भूपेंद्र पटेल मंत्रिमंडल का पहली बार विस्तार किया गया है।
इससे पहले मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत 17 मंत्री थे, जिनमें आठ कैबिनेट और आठ राज्य मंत्री थे।
कैबिनेट मंत्रियों में सर्वश्री हर्ष संघवी, जितेंद्रभाई वाघाणी, नरेशभाई पटेल, अर्जुनभाई मोढवाडिया, डॉ. प्रद्युम्नभाई वाजा और रमणभाई सोलंकी शामिल हैं। सर्वश्री ईश्वर सिंह पटेल, प्रफुल्ल भाई पंसेरिया और मनीषा वकील ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली। सर्वश्री कांतिलाल अमृतिया, रमेशभाई कटारा, दर्शनाबहन वाघेला, कौशिकभाई वेकारिया, प्रवीणकुमार माणी, डॉ. जयरामभाई गामित, त्रिकमभाई छंगा, कमलेशभाई पटेल, संजयसिंह महिदा, पी.सी. बरंडा, स्वरूपजी ठाकोर और श्रीमती रीवाबा जडेजा को राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।
श्री कनुभाई देसाई, ऋषिकेशभाई पटेल, कुंवरजी भाई बावलिया और राज्य मंत्री पुरुषोत्तमभाई सोलंकी को इस नये मंत्रिपरिषद में बरकरार रखा गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, गुजरात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, सी. आर. पाटिल, सांसद, विधायक, संगठन के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, साधु, संत और समाज के विभिन्न वर्गों के नेता तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, पुलिस महानिदेशक और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता इस शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित