नयी दिल्ली , मई 02 -- सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने प्रसिद्ध गीतकार, लेखक एवं संचार विशेषज्ञ प्रसून जोशी को प्रसार भारती का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
अपने प्रभावशाली लेखन और गहरी सांस्कृतिक संवेदनशीलता की पहचान रखने वाले श्री जोशी ने समकालीन भारतीय मीडिया विमर्श को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। उनके कार्यों में प्रशंसित फिल्मी गीत, विज्ञापन अभियान और सामाजिक रूप से प्रभावशाली कहानियां शामिल हैं, जो देश भर के विविध दर्शकों से जुड़ती हैं। इनका साहित्य, विज्ञापन, सिनेमा और सार्वजनिक संचार के क्षेत्रों में व्यापक योगदान रहा है।
इससे पहले श्री जोशी अगस्त 2017 से मुंबई स्थित केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे। वहां उन्होंने फिल्म उद्योग के विभिन्न हितधारकों के साथ मिलकर फिल्म प्रमाणन प्रक्रियाओं को मजबूत करने में योगदान दिया।वह 'मैक्कैन वर्ल्ड ग्रुप इंडिया' के सीईओ और ' मैक्कैन वर्ल्ड ग्रुप एशिया पैसिफिक' (मैक्कैन एरिक्सन की सहायक कंपनी) के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह 2016 से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के ट्रस्टियों में से एक रहे हैं।
श्री जोशी के प्रसार भारती के अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब सार्वजनिक प्रसारण क्षेत्र तीव्र तकनीकी परिवर्तन और दर्शकों की बदलती उम्मीदों के बीच खुद को ढाल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित