उदयपुर , फरवरी 20 -- राजस्थान में खाद्य सुरक्षा योजना में अपात्रों को हटाने और वंचित पात्र लोगों को जोड़ने के लिए राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे गिवअप अभियान के तहत उदयपुर जिले में अब तक एक लाख 93 हजार से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से अपना नाम हटवा लिया है। अभियान के तहत स्वेच्छा से नाम हटवाने की अवधि 28 फरवरी तक है।

जिला रसद अधिकारी मनीष भटनागर ने शुक्रवार को बताया कि एक नवम्बर 2024 से प्रारंभ गिवअप अभियान में अब तक राजस्थान में करीब 22 लाख 32 हजार व्यक्तियों ने स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा योजना से लाभ छोड़ा जिससे राज्य सरकार पर वार्षिक 409. 39 करोड़ की राशि का वित्तीय भार कम होगा।

इस क्रम में उदयपुर जिले में कुल 17 हजार 265 आवेदन प्राप्त हुए और कुल एक लाख 93 हजार 184 लोगों द्वारा गिवअप किया गया। अभियान के तहत उदयपुर जिले में कुल 2310 अपात्र लोगों को नोटिस जारी किये गये जिन से वसूली की कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित