राजकोट , जनवरी 22 -- पंजाब की ओर से खेल रहे भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल गुरुवार को घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ खराब प्रदर्शन करते हुए दूसरी ही गेंद पर पगबाधा होकर पवेलियन लौट गये। जय गोहिल (82) की जुझारू पारी और अजय भट्ट (पांच विकेट) की अगुवाई में सौराष्ट्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 172 रन बनाने के बाद पंजाब को 139 समेटते हुए पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय दूसरी पारी में तीन विकेट पर 24 रन बना लिये है और उसकी कुल बढ़त 57 रनों की हो गई है।

आज यहां सौराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.1 ओवरों में 172 का स्कोर बनाया। सौराष्ट्र के लिए जय गोहिल ने 117 गेंदों में नौ चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 82 रनों की पारी खेली। उनके अलावा प्रेरक मांकड़ (32), हार्विक देसाई (13) और हेत्विक कोटक (12) रन बनाकर आउट हुये। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक नहीं पहुंच सके।

पंजाब के लिए हरप्रीत बराड़ ने 38 रन देकर छह विकेट लिये। जसिंदर सिंह को दो विकेट मिले। प्रेरित दत्ता और सनवीर सिंह ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित