मथुरा , फरवरी 9 -- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को सपरिवार मथुरा पहुंचे और गोवर्धन में गिरिराज महाराज के दर्शन-पूजन कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

श्री चौहान ने एक स्थानीय विवाह समारोह में शामिल होकर नवदंपति को आशीर्वाद दिया। इसके बाद उन्होंने परिवार सहित गोल्फ कार से गिरिराज पर्वत की परिक्रमा की और दानघाटी मंदिर में पूजा-अर्चना की।

भारत-अमेरिका डील को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार हर निर्णय में किसान हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे पर भ्रम फैला रहे हैं, जबकि यह समझौता किसानों के लिए नए अवसर लेकर आएगा।

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के वीर सावरकर को 'भारत रत्न' दिए जाने संबंधी बयान का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि उनके विचार राष्ट्रहित में हैं। वहीं, लोकसभा में हाल में हुए हंगामे पर पूछे गए प्रश्न का उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित