गिरिडीह , जनवरी 04 -- झारखंड के गिरिडीह जिले में रविवार को स्थानीय विवाह भवन में झारखंड मुक्ति मोर्चा के छात्र विंग का एकदिवसीय सम्मेलन आयोजित किया गया।

सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी समाज, राज्य और देश का भविष्य हैं। विद्यार्थियों को अपने आप में में किसी भी विषय या मुद्या पर सवाल करने की क्षमता विकसित करना चाहिए। कोई कुछ कह दे तो उस पर आँख मूंदकर विश्वास नहीं करना चाहिए।

विश्व प्रसिद्ध भौतिक वैज्ञानिक न्युटन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सेव नीचे ही क्यों गिरा? उन्होंने सोंचा, उनके मन में सवाल आया तो उन्होंने गुरूत्वाकर्षण के नियम का आविष्कार किया। मोबाइल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मोबाइल युवाओं में साकारात्मक और नाकारात्मक दोनों प्रभाव डाल रहा है। आप साकारात्मक दिशा में आगे बढ़ें।

देश में पिछले ग्यारह साल की राजनीति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कोई चाहता है कि भारत एक रंग में रंग जाए तो ये कदापि नहीं हो सकता। भारत को पूरा विश्व अखंडता में एकता का देश के रूप में जानता है। यही हमारे देश की खुबसूरती है।

सभा को झामुमो के जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन बहुत जरूरी है। उन्होंने मंत्री सुदिव्य कुमार के प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि गिरिडीह में विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज बहुत जल्द चालू होगा।

झामुमो के वरिष्ठ नेता जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि एक अच्छा विद्यार्थी ही अच्छा नागरिक बनता है। झारखंड छात्र मोर्चा के नेता अभय कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों विद्यार्थी जेसीएम में शामिल हुए। मंत्री सुदिव्य कुमार ने सभी को माला पहनाकर और झामुमो का पट्टा पहनाकर शामिल करवाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित