गिरिडीह , जनवरी 13 -- झारखंड के गिरिडीह जिले में तिसरी थाना क्षेत्र के पनियाय गांव में विवाहिता सूरजमुनी की संदेहास्पद स्थिति में मंगलवार को मौत हो गई।

इस मामले में जहां मृतका के पिता अपने दामाद और ससुराल वालों पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं मृतका के ससुराल वाले जहर खाकर आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने पिता के आरोप के आधार पर अशोक मुर्मू को हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है। मृतका सूरजमुनी के पिता अरुण मरांडी ने उसके पति अशोक मुर्मू समेत ससुराल पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी के गले में गहरे दाग़ है। जिससे जाहिर होता है कि बेटी कि हत्या की गई है। बताया कि मृतका की शादी छह माह पहले अशोक से हुई थी।

पति से विवाद के बाद मृतका सोहराय मनाने घर आई थी, लेकिन पति लेने आया, तो मायके में भी पति पत्नी में विवाद हुआ, इस दौरान पिता ने बेटी को समझा कर दामाद के साथ सोमवार को वापस ससुराल भेज दिया था, लेकिन मंगलवार कि सुबह सूरजमुनि की मौत की खबर मिली।

इधर ससुराल वालों ने कहा कि सूरजमुनि ने जहर खा कर आत्महत्या की। सुबह उसके शव घर में पड़ा देख हल्ला हुआ, आसपास के लोग जुटे, इस दौरान उसे तिसरी के स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस दौरान लोकाय ओपी पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित