बारां , जनवरी 23 -- राजस्थान के बारां जिले में प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर विशेष ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन शुक्रवार से प्रारंभ हुआ। आधिकाकरिक सूत्रों ने बताया कि इसके तहत बारां में अटल सेवा केन्द्र बटावदा, शाहबाद, मांगरोल में बमोरीकलां, अटरु में मोठपुर, किशनगंज में रामगढ़, छबड़ा में मूण्डला, अंता में बालाखेड़ा तथा छीपाबड़ौद में हरनावदाशाहजी में विशेष शिविर आयोजित किये गये।
संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने बटावदा में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का निरीक्षण किया। मौके पर ग्रामीणों से संवाद करके उनकी समस्यायें जानी और विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। सहकारिता विभाग की प्रगति शून्य पाये जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए मौके पर ही जिला कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिये। शिविर में उद्यान विभाग का कोई कार्मिक उपस्थित नहीं मिलने पर असंतोष जताया, जबकि ग्राम उत्थान शिविरों के नोडल विभाग कृषि एवं सहकारिता विभाग हैं।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि इन शिविरों में अधिक से अधिक कृषकों एवं पशुपालकों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए कृषि एवं संबद्ध विभागों की विभिन्न योजनाओं के लाभ पहुंचायें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित