सोल , फरवरी 19 -- दक्षिण कोरिया के एक गवर्नर किम ही-सू को गिरती जन्म दर से निपटने के लिए श्रीलंका और वियतनाम से महिलाओं के 'आयात' वाली अपनी टिप्पणी के कारण निष्कासित कर दिया गया है।
दक्षिण जेओला प्रांत के जिन्दो काउंटी के गवर्नर किम ही-सू ने ग्रामीण क्षेत्रों के कुंवारे पुरुषों की शादी कराने और क्षेत्र में घटती जनसंख्या को बढ़ावा देने के लिए यह विचार रखा था। ये टिप्पणियां ग्वांगजू और दक्षिणी जेओला प्रांत के प्रशासनिक विलय का प्रस्ताव देने के लिए आयोजित एक टाउन हॉल बैठक के सीधे प्रसारण के दौरान की गईं। इन टिप्पणियों के कारण लोगों में नाराजगी फैल गयी और देश भर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, "सियोल में वियतनामी दूतावास ने श्री किम की टिप्पणियों की निंदा करते हुए एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि उनके शब्द 'केवल अभिव्यक्ति का मामला नहीं हैं, बल्कि प्रवासी महिलाओं और अल्पसंख्यक समूहों के प्रति मूल्यों और दृष्टिकोण का मामला हैं'।"इन टिप्पणियों के परिणामस्वरूप, डेमोक्रेटिक पार्टी ने नौ तारीख को श्री किम को निष्कासित कर दिया और जनता में भारी रोष देखा गया। कई लोगों ने उनकी टिप्पणियों की आलोचना की और उन्हें 'अनुचित' बताया।
श्री किम ने गुस्से को शांत करने के लिए पांच तारीख को माफी मांगने की कोशिश की थी, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ और लोगों का विरोध जारी रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित