, Feb. 10 -- कोनाक्री, 10 फरवरी (वार्ता/शिन्हुआ) गिनी की राजधानी कोनाक्री के कालोम में केन्द्रीय कारावास के करीब मंगलवार सुबह गोलीबारी के बाद सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में स्थिति शांत कर सड़क यातायात सामान्य रूप से शुरू कर दिया।
कालोम के कोरोन्थी इलाके में मौजूद केन्द्रीय कारावास के करीब गोलीबारी की आवाज़ सुबह करीब 09:30 बजे सुनी गयी थी, जो गिनी की राजधानी का प्रशासनिक और आर्थिक केन्द्र है। गिनी के स्थानीय मीडिया के अनुसार, राष्ट्रपति का आवास और अहम सरकारी कार्यालय इसी क्षेत्र में मौजूद हैं।
चश्मदीदों ने बताया कि यहां केन्द्रीय कारावास के करीब विशेष सुरक्षा बलों और दूसरे पक्ष के हमलावरों के बीच गोलीबारी हुई। मीडिया के अनुसार, विशेष बल के सैनिकों के एक समूह ने कथित तौर पर कमांडर टुम्बा डायकीटे को कस्टडी से छुड़ाने की कोशिश में दखल दिया।
सूत्रों के अनुसार, हथियारबंद शरारती तत्वों ने डायकीटे को कोनाक्री केन्द्रीय कारावास से पहचान छिपाकर बाहर निकाला था। बाद में उसे एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। इस संबंध में अभी तक किसी आधिकारिक पुष्टि की जानकारी नहीं मिली है।
कमांडर तूम्बा का पूरा नाम अबूबकर सिदीकी डायकीटे है। उसे 28 सितंबर 2009 को कोनाक्री के एक स्टेडियम में हुए नरसंहार मामले में जुलाई 2024 में 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 28 सितंबर 2009 को कोनाक्री के एक स्टेडियम में आयोजित एक रैली के दौरान हुई हिंसा में 150 से अधिक लोगों की मौत हो गयी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित