तेहरान/इस्लामाबाद , अप्रैल 12 -- ईरान की संसद (मजलिस) के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर ग़ालिबफ़ ने अमेरिका के साथ हालिया शांति वार्ता आयोजित करने के लिए मेज़बान देश पाकिस्तान का शुक्रिया अदा किया है।
श्री गालिबफ़ ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स का रुख करते हुए पाकिस्तान का आभार जताया और वहां की जनता को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा, "मैं अपने मित्रवत और भाईचारे वाले देश, पाकिस्तान के उन प्रयासों के लिए आभारी हूं, जिन्होंने इन वार्ताओं की प्रक्रिया को सुगम बनाने में मदद की। मैं पाकिस्तान की जनता को अपना सादर अभिवादन भेजता हूं।" उन्होंने कहा कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने वार्ता में रचनात्मक और भविष्य उन्मुख प्रस्ताव रखे, लेकिन अमेरिकी पक्ष इस दौर में ईरान का विश्वास जीतने में असफल रहा।
श्री गालिबफ़ ने कहा कि अमेरिका अब ईरान के तर्क और सिद्धांत समझ चुका है और अब यह उस पर निर्भर करता है कि वह विश्वास बहाल कर सकता है या नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कूटनीति के साथ-साथ सैन्य क्षमता भी ईरान के लिए अपने अधिकारों की रक्षा का माध्यम है और देश अपने राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा के लिए प्रयास जारी रखेगा।
श्री ग़ालिबफ़ ने ईरान की जनता और प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के समर्थन की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकजुटता ही देश की ताकत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित