पटना , जनवरी 21 -- पटना नगर निगम के नूतन राजधानी अंचल अंतर्गत वर्तमान में संचालित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन को यारपुर क्षेत्र में शिफ्ट किए जाने की तैयारी की जा रही है।

यारपुर में प्रस्तावित नए गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है, जिसमें अब तक लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिये संबंधित एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

पटना नगर निगम द्वारा यारपुर में विकसित किया जा रहा गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन आधुनिक तकनीक एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। निर्माण कार्य के साथ-साथ यहां आवश्यक मशीनों एवं उपकरणों की स्थापना (मशीन इंस्टॉलेशन) की प्रक्रिया भी शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। मशीन इंस्टॉलेशन पूर्ण होने के पश्चात कचरे के संग्रहण, पृथक्करण एवं परिवहन की व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी रूप से संचालित किया जा सकेगा।

गौरतलब है की नए गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन के संचालन से कई महत्वपूर्ण लाभ प्राप्त होंगे। कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण एवं प्रबंधन होने से पर्यावरण प्रदूषण में कमी आएगी तथा स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

पटना के नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यारपुर में गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण एवं शिफ्टिंग पटना नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित