अलवर, अप्रैल 11 -- राजस्थान में अलवर शहर के अग्रसेन सर्किल पर हाल ही में गाय के अवशेष मिलने की घटना को लेकर आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में आज विश्व हिंदू परिषद द्वारा होप सर्कस स्थित शिव मंदिर स्थल पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें घटना को लेकर कड़ी नाराजगी जताई गई और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से 11 सदस्यीय समिति का गठन किया गया, जो अब इस पूरे मामले को लेकर आंदोलन को और तेज करेगी।
समिति के सदस्य प्रेम सिंह राजावत ने बताया कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और ना ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, जिससे आमजन में रोष व्याप्त है। उन्होंने बताया कि बैठक के बाद मौके पर मौजूद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी को ज्ञापन सौंपकर मांग की गई है कि मामले की जांच को तेजी से आगे बढ़ाया जाए और जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। ज्ञापन में नामजद हिंदू भावनाओं को भड़काने के आरोपी का नाम लिखा गया है। बैठक में साथ ही जिलेभर में संचालित मांस की दुकानों की सख्ती से जांच करने, उनके लाइसेंसों का सत्यापन करने और अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी उठाई गई।
प्रेम सिंह राजावत ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक घटना नहीं बल्कि समाज की भावनाओं से जुड़ा गंभीर विषय है। गोकशी जैसी घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगना चाहिए और पुलिस को इस दिशा में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समिति अब चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाएगी और जरूरत पड़ी तो बड़ा जनआंदोलन भी खड़ा किया जाएगा, ताकि दोषियों को सजा मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित