मुंबई , अप्रैल 24 -- चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने मुंबई इंडियंस (एमआई) के ख़िलाफ़ अपनी टीम की जीत को मुकेश चौधरी को समर्पित किया है। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने मंगलवार को अपनी मां के निधन के बावजूद टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।

मैच के बाद प्रज़ेंटेशन के दौरान गायकवाड़ ने कहा, "उनके (मुकेश चौधरी) लिए यह काफ़ी मुश्किल वक़्त है। मैं इस जीत को उन्हें समर्पित करना चाहूंगा। ऐसी दुखद स्थिति से निकलकर वापस आना मानसिक रूप से बहुत साहस का काम है। वह टीम के लिए वापस आए क्योंकि वह जानते थे कि हमें उनकी जरूरत है। पूरी कामयाबी उन्हीं के नाम है। हमने पहले भी बात की थी। हम यह मैच जीतना चाहते थे और मुझे ख़ुशी है कि हर किसी ने इसमें अपना योगदान दिया और उनके साथ खड़ा रहा।"चौधरी ने सीजन का अपना दूसरा मैच खेलते हुए लगातार चार ओवर डाले। उनके 4-0-31-1 के आंकड़ों ने मुंबई को 208 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 104 रनों पर समेटने में मदद की। उन्होंने अपनी पांचवीं गेंद पर ही ख़तरनाक क्विंटन डी कॉक (7 रन) को बोल्ड कर दिया था। गायकवाड़ ने संकेत दिया कि वानखेड़े की पिच पर बल्लेबाज़ी करना आसान नहीं था और उसमें कुछ सूखापन था।

उन्होंने कहा, "मुझे और संजू सैमसन को लगा कि गेंद बल्ले पर अच्छी तरह नहीं आ रही है। वैसे भी 200-210 एक अच्छा स्कोर होने वाला था। अकिल हुसैन के गेंदबाज़ी के लिए आने से बहुत मदद मिली, सभी ने वाक़ई अच्छा योगदान दिया। कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस की 20 रनों की पारियों ने बहुत मदद की, इससे लय बनी रही और संजू ने एक शानदार पारी (54 गेंदों में 101 रन) खेलकर हमें फिर से जीत दिलाई। उनका वाक़ई शुक्रिया, वह ज़बरदस्त रहे हैं।"गायकवाड़ ने अपने स्पिनरों नूर अहमद और अकिल हुसैन की तारीफ़ की, जिन्होंने मिलकर आठ ओवरों में 41 रन देकर छह विकेट चटकाए और मुंबई की बल्लेबाज़ी को तहस-नहस कर दिया। हुसैन ने 17 रन देकर चार विकेट लिए और उन्हें 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' चुना गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित