रांची , फरवरी 01 -- झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की कहा कि हर एक योजना की अपनी उपयोगिता-अपना महत्व है और गांवों के सर्वांगीण विकास के बगैर झारखंड का विकास अकल्पनीय है।

जनता को समर्पित योजनाओं की फेहरिस्त में रविवार को मंत्री सुश्री तिर्की ने विधायक योजना मद से मांडर के गड़मी में जन उपयोगी अवसंरचना का सौंदर्यीकरण, चबूतरा एवं शेड निर्माण, प्रयोगो मुस्लिम कब्रिस्तान में जनाजा शेड का निर्माण, लोयो नीचे टोली में मकतब का निर्माण और उचरी में पी सी सी पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

इस मौके पर सुश्री तिर्की ने कहा किसरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है । उसी दिशा में सरकार लगातार आगे बढ़ी रही है। आज जिन योजनाओं की आधारशिला रखी गई है वो तमाम योजनाएं जनता के सम्मान, सुविधा, शिक्षा और सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि हम जाति-धर्म या वर्ग के आधार पर योजना का निर्धारण नहीं करते, बल्कि जनता की आवश्यकता के आधार पर योजनाओं की प्राथमिकता तय करते है ।

सुश्री तिर्की ने कहा कि गड़मी गांव में चबूतरा एवं शेड निर्माण से सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जबकि प्रयागो गांव में कब्रिस्तान शेड निर्माण से धार्मिक एवं मानवीय आवश्यकताओं की पूर्ति होगी। लोयो निचेटोली में मकतब निर्माण से बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर प्रदान होंगे और उचरी गांव में पीसीसी पथ निर्माण कार्य पूर्ण होने आवागमन पहले से ज्यादा सुगम और सुलभ हो जाएगा। खासकर गांव के किसानों और ग्रामीणों को कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि योजनाएं समय सीमा के अंदर पूर्ण हो इस पर सामाजिक निगरानी जरूरी है। किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिलान्यास कार्यक्रम में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मंगा उरांव, विधानसभा युवा अध्यक्ष हुसैन अंसारी, युवा अध्यक्ष आज़ाद अंसारी, पंचायत अध्यक्ष जाहिद अंसारी, विधायक प्रतिनिधि शुक्का उरांव, जमील अंसारी, भोलू अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित