सरगुजा , अप्रैल 08 -- छत्तीसगढ़ में सरगुजा के रघुनाथपुर चौकी पुलिस ने गांजा तस्करी मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आपूर्तिकर्ता को ओड़िशा से गिरफ्तार किया है। मामले में पहले ही चार आरोपी पकड़े जा चुके हैं और चार किलोग्राम गांजा सहित अन्य सामग्री जब्त की गई थी।

पुलिस के अनुसार 26 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में सवार कुछ व्यक्ति गांजा लेकर लैलूंगा की ओर से आ रहे हैं और ग्राम गंगापुर में इसकी बिक्री करने वाले हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एनएच-43 किनारे घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ा था। इनमें हेमसागर यादव, खीरो यादव, भूपेंद्र यादव और मुरारी लाल चौबे शामिल हैं। तलाशी के दौरान इनके पास से चार किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा उड़ीसा के सुंदरगढ़ निवासी नंदकुमार साहू उर्फ नंदा से खरीदकर लाते थे। इसके आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपी की तलाश कर उसे उड़ीसा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में नंदकुमार साहू ने गांजा आपूर्ति करने की बात स्वीकार की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित