चंडीगढ़ , फ़रवरी 19 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विनीत जोशी ने गुरुवार को कहा कि खरड़ विधानसभा के अंतर्गत माजरी ब्लॉक के गांव मिर्जापुर में भू-माफिया गांव के पहाड़ एवं जंगल को समतल कर, भूखंड एवं फार्म हाउस काटकर, गैरकानूनी तरीके से बेच रहा है।

श्री जोशी ने कहा कि भू-माफिया पहाड़ से किसी तरह की छेड़छाड़ पर प्रतिबंध होने के बाबजूद उसे समतल कर बरसाती नाला में मिट्टी डालकर गैरकानूनी तरीके से बेचे जा रहे फार्म हाउसों, भूखंडों को रास्ता बना रहा है। उन्होंने कहा कि जिस जमीन को बेचा जा रहा है, वह "मुस्तरका-मालकान" है, अर्थात ऐसी भूमि जो अनेक मालिकों/ हिस्सेदारों की साझी मलकीयत मानी जाती है। इस भूमि के लगभग 500 हिस्सेदार हैं और अब तक इसका विधिवत तकसीम (विभाजन) नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पटवारी, कानूनगो, तहसीलदार और एसडीएम की मौजूदगी में माल विभाग द्वारा जमीन की तकसीम कर प्रत्येक हिस्सेदार के हिस्से की पहचान की जाती है, जो आज तक नहीं हुई। ऐसे में प्रश्न उठता है कि बिना विधिवत तकसीम के, केवल किसी हिस्सेदार से कथित खरीद के आधार पर भू-माफिया जमीन पर कब्जा कैसे कर सकता है।

श्री जोशी ने बताया कि गांव मिर्जापुर के निवासियों द्वारा शिकायत करने के बावजूद जिला और पुलिस प्रशासन ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। जोशी ने कहा कि उपायुक्त मोहाली, एसडीएम खरड़, तहसीलदार माजरी, कानूनगो माजरी एवं गाँव मिर्जापुर के पटवारी की इस धोखाधड़ी पर चुप्पी साफ दर्शाती है कि सरकारी अधिकारी एवं पंजाब पुलिस की भू-माफिया के साथ सांठगांठ है। उन्होंने सिविल प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तुरंत कारवाई करें और भू-माफिया को गिरफ्तार किया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित