जयपुर , अप्रैल 08 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मोहसिना किदवई के निधन पर गहरा दुख जताया है।

श्री गहलोत ने कहा कि उनका निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी एवं राजीव गांधी की सरकारों में स्वास्थ्य, शहरी विकास और नागरिक उड्डयन जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी बखूबी संभाली।उन्होंने कहा, " मेरा उनके साथ दशकों पुराना आत्मीय संबंध रहा। मैं जब एनएसयूआई का अध्यक्ष था, उस समय वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष थीं, तभी से उनका मेरे प्रति सदैव विशेष स्नेह रहा।"उन्होंने कहा कि वर्ष 1978 के उस चुनौतीपूर्ण समय को सदैव याद किया जाएगा, जब आपातकाल के बाद आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में उनकी ऐतिहासिक जीत ने देशभर में कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल बनाने का काम किया। वह कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित, एक निडर, प्रखर वक्ता और मिलनसार व्यक्तित्व की धनी थीं। श्री गहलोत ने कहा कि उन्हें संसद में उनके साथ कार्य करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि उनका निधन कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। श्री गहलोत ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित