जयपुर, सितंबर 25 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को यहां डा लहर इसरानी द्वारा लिखित पुस्तक "गांधी आश्रम- एक जीवन दृष्टि" का विमोचन किया।

श्री गहलोत ने अपने आवास पर इस पुस्तक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका एवं भारत में गांधीजी द्वारा स्थापित आश्रम उनकी प्रयोगशाला थे जहां से सत्य, अहिंसा एवं सत्याग्रह का मार्ग निकला।

उन्होंने कहा कि यह पुस्तक आज की पीढ़ी को महात्मा गांधी के बताए सिद्धांतों के बारे में जानकारी देती है। युवाओं को गांधीजी की जीवनी अवश्य पढ़नी चाहिए एवं संभव हो तो उनके आश्रमों को भी जाकर देखना चाहिए। इस अवसर पर विधायक रफीक खान भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित