जयपुर , मार्च 28 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे "हकीकत शास्त्र" से कोसों दूर हैं और केवल "इंतजार शास्त्र" के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
श्री राठौड़ शनिवार को यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि श्री गहलोत की बयानबाजी सच्चाई छुपाने और अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने का असफल प्रयास है। जिसके समय सिस्टम को लूटा गया, व्यवस्थाओं का दम घोंटा गया, कोरोना जैसी आपदा में भी अवसर बना लिया गया, वह आज स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे है यह कितने आश्चर्य की बात है। मंत्रियों को पुत्र मोह की नसीयत देने वाले गहलोत स्वयं वैभव गहलोत के मोह में फंसकर रह गए।
उन्होंने कहा कि श्री गहलोत ने अपने पुत्र वैभव गहलोत को अन्य नेताओं का हक मारकर जोधपुर, जालौर से चुनाव मैदान में उतारा, लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया। आरसीए चुनाव में भी उन्होंने अपने पुत्र को स्थापित करने के लिए वरिष्ठ नेता रामेश्वर डूडी का अपमान किया और आज वे मंत्रियों को पुत्र मोह से दूर रहने की नसीयत दे रहे है।
कोरोना काल का उल्लेख करते हुए श्री राठौड़ ने कहा कि कहा कि उस समय भाजपा ने सरकार का सहयोग किया जबकि कांग्रेस ने आपदा में भी अवसर तलाशते हुए दवाओं, उपकरणों और रेमडेसिविर इंजेक्शन की खरीद में भ्रष्टाचार किया। इतना ही नहीं, श्री गहलोत ने पांच साल में 4148 घोषणाएं की थी, जिनमें से 2208 घोषणाएं तो पूरी ही नहीं की और आज वह इंतजार शास्त्र की बातें कर रहे है।
श्री राठौड़ ने कहा कि श्री गहलोत आईपीडी टावर को लेकर बयानबाजी कर रहे है, जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने बिना उचित योजना, पार्किंग और विशेषज्ञ सलाह के बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए। वर्तमान सरकार उन्हें सुधार कर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने लागत बढ़ने के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पहले जहां 12 मंजिल तक निर्माण हुआ था वहीं अब 23 मंजिल तक संरचना पूरी हो चुकी है और परियोजना जनवरी 2027 तक पूर्ण होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार युवाओं के हित में पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया चला रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित