नयी दिल्ली , अक्टूबर 08 -- आम आदमी पार्टी ने कहा है कि मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई के साथ हुई घटना ने पूरी न्यायपालिका को डरावना संदेश दिया है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर जारी संदेश में कहा कि सोशल मीडिया पर जूता फेंकने का प्रयास करने वाले व्यक्ति के समर्थकों द्वारा न्यायमूर्ति गवई का निर्लज्ज उपहास और धमकियां जारी हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी पूर्वनियोजित और सुनियोजित प्रयास का संकेत देता है, जिसका उद्देश्य न्यायपालिका को दबोचकर उसकी स्वतंत्रता को कुचलना है। न्यायपालिका को इन दुराचारियों पर कठोर कार्यवाही करनी ही चाहिए। इनके विरुद्ध उदासीनता न्यायपालिका की स्वायत्तता और प्रभावकारिता को क्षति पहुंचाएगी।
श्री केजरीवाल ने कहा कि जूता फेंकने का प्रयास करने वाले व्यक्ति और मुख्य न्यायाधीश को धमकाने और उनका उपहास करने वालों को कठोर दंड अवश्य दिया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई न्यायपालिका से छेड़छाड़ करने की हिम्मत न करे।
आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जिस तरह से न्यायमूर्ति गवई का सोशल मीडिया पर मजाक उड़ाया जा रहा है और उन्हें धमकी दी जा रही है, यह एक सुनियोजित और व्यवस्थित प्रयास प्रतीत होता है, जिसका उद्देश्य पूरी न्यायपालिका को डराना और दबाव में लाना है। न्यायपालिका को इन गुंडों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। इनके खिलाफ कार्रवाई न करने से न्यायपालिका की स्वतंत्रता और प्रभावशीलता कमजोर होगी। जिस व्यक्ति ने जूता फेंकने की कोशिश की और जो लोग मुख्य न्यायाधीश को धमकी दे रहे हैं और उनका मजाक उड़ा रहे हैं, उन्हें अनुकरणीय सजा दी जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी न्यायपालिका के साथ छेड़छाड़ करने की हिम्मत न करे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित