चंडीगढ़ , अप्रैल 07 -- हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह ने मंगलवार को नूंह और तावडू की मंडियों का दौरा कर किसानों की समस्याएं सुनीं और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को राहत देने के बजाय लगातार परेशान कर रही है। गेहूं की खरीद एक अप्रैल से शुरू होनी थी, लेकिन अब तक प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू नहीं हो सकी है। मंडियों में नाम मात्र की खरीद हो रही है और कुल उत्पादन का बहुत कम हिस्सा ही उठाया जा रहा है।

श्री सिंह ने बताया कि मंडियों में लिफ्टिंग व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है। जे-फॉर्म नहीं बनने से किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिल पा रहा। गेट पास जारी करने में भी भारी दिक्कतें हैं, जबकि बायोमेट्रिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली प्रमाणीकरण और पोर्टल की तकनीकी खामियों ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार खुद को 'डबल इंजन सरकार' बताती है, ऐसे में उसे केंद्र के साथ बेहतर तालमेल बनाकर किसानों की समस्याओं का तुरंत समाधान करना चाहिए। साथ ही उन्होंने मांग की कि फसल गुणवत्ता के मानकों में राहत दी जाए और बारिश से दाने काले होने की स्थिति में किसानों को विशेष छूट मिले।

श्री सिंह ने कहा कि प्रदेशभर में किसान अपनी मांगों को लेकर धरनों पर बैठे हैं और हालात बिगड़ते जा रहे हैं। राज्य के कृषि मंत्री का यह बयान कि बारिश से कोई नुकसान नहीं हुआ, जमीनी हकीकत से दूर है। कुछ नेताओं के बयान कि 'बारिश से किसान खुश हैं', किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।

उन्होंने कहा कि न तो सरकार संतुष्ट है और न ही किसान, जिसका खामियाजा प्रदेश का अन्नदाता भुगत रहा है। सरकार को चाहिए कि किसानों की समस्याओं का तुरंत समाधान करे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित