पटना , अप्रैल 08 -- गर्मी के मौसम में आम नागरिकों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पटना नगर निगम ने 53.68 करोड़ रुपये की राशि जलापूर्ति प्रमंडल को आवंटित की है।

इससे शहर के विभिन्न इलाकों में जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।इस राशि का उपयोग मुख्य रूप से नई जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने, हाई-एंड बोरिंग लगाने तथा नल-जल योजना के अंतर्गत पूर्व से स्थापित पाइप, मोटर, पंप, ट्रांसफॉर्मर और अन्य उपकरणों की मरम्मत एवं रखरखाव पर किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गर्मी के दौरान किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न न हो और नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी उपलब्ध हो सके।

पटना नगर निगम की ओर से कुल 121 योजनाओं पर यह राशि खर्च की जाएगी। इनमें 98 योजनाएं नई पाइपलाइन बिछाने से संबंधित हैं, जबकि 23 योजनाएं हाई-एंड बोरिंग अधिष्ठापन से जुड़ी हुई हैं।जिन इलाकों में लंबे समय से पानी की कमी, कम दबाव, पाइपलाइन लीकेज, मोटर खराबी या बोरिंग की समस्या बनी हुई है, वहां इन योजनाओं से लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। पटना नगर निगम द्वारा चार महीने के भीतर योजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित