लखनऊ , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश में आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उपकेंद्रों पर आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीम को सक्रिय रखा जाए।

गुरुवार को वाराणसी स्थित सर्किट हाउस में विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए ऊर्जा मंत्री ने बिजली आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, क्षमता वृद्धि, अनुरक्षण कार्यों और फाल्ट रेस्पॉन्स सिस्टम का गहन आकलन किया।

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने उन्होंने अंडरग्राउंड केबलिंग कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने, जर्जर तारों को बदलने और ओवरलोडिंग की समस्या खत्म करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही एक महीने के भीतर बांस-बल्ली की जगह सुरक्षित और स्थायी ढांचे विकसित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संतुलित विद्युत वितरण सुनिश्चित करने की बात कही, ताकि अनावश्यक बिजली कटौती न हो। अनुरक्षण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में ट्रिपिंग की समस्या पर भी विशेष चर्चा हुई। ऊर्जा मंत्री ने इसे न्यूनतम स्तर पर लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, संकट मोचन मंदिर और ताज होटल जैसे प्रमुख स्थलों पर 24x7 निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर बिजली व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित