नयी दिल्ली , जनवरी 28 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि सरकार के तीसरे कार्यकाल में गरीबों को सशक्त करने का अभियान और तेजी से आगेबढ़ा है और इसी के तहत पिछले एक दशक में 25 करोड़ देशवासी विपन्नता को हराकर गरीबी से बाहर निकले हैं।

श्रीमती मुर्मु ने बुधवार को बजट सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा, " बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर ने हमेशा समानता और सामाजिक न्याय पर जोर दिया। हमारा संविधान भी हमें यही प्रेरणा देता है। सच्चा सामाजिक न्याय यानी देश के हर नागरिक को उसका पूरा हक मिले, बिना किसी भेदभाव के मिले। मेरी सरकार सच्चे सामाजिक न्याय के लिए समर्पित है, और इसी का नतीजा है कि पिछले एक दशक में 25 करोड़ देशवासी गरीबी को हराकर गरीबी से बाहर निकले हैं। सरकार के तीसरे कार्यकाल में गरीबों को सशक्त करने का अभियान और तेजी से आगे बढ़ा है। "उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में गरीबों के चार करोड़ पक्के घर बने। बीते एक वर्ष में 32 लाख नये घर गरीबों को मिले हैं। जल जीवन मिशन के पांच वर्षों में साढ़े 12 करोड़ नये परिवारों तक पाइप से पानी पहुंचाया गया। बीते एक वर्ष में करीब एक करोड़ नये परिवारों तक नल से जल की सुविधा पहुंची है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से अब तक 10 करोड़ से ज्यादा परिवारों को एलपीजी कनेक्शन मिले हैं और पिछले वर्ष भी ये अभियान तेजी से आगे बढ़ा है।उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी और ईमानदार व्यवस्थाओं को स्थायी बना रही है। इसी एक वर्ष में सरकार ने, पौने सात लाख करोड़ रुपए से अधिक लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों को पहुंचाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित