गांधीनगर , फरवरी 15 -- केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि देश डिजिटल प्रणाली अपनाकर गरीबों को सस्ता अनाज देने के क्षेत्र में पदार्पण कर रहा है जिससे गरीबों को राशन देने के तंत्र से भ्रष्टाचार पूरी तरह से खत्म हो जाएगा।
श्री शाह ने रविवार को यहां सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) आधारित पारदर्शी, आधुनिक एवं सरल सार्वजनिक वितरण व्यवस्था (पीडीएस) का शुभारंभ कर कहा कि गरीबों को राशन देने की प्रणाली से भ्रष्टाचार पूरी तरह से खत्म हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से आज डिजिटल इंडिया का विस्तार खाद्य और आपूर्ति की व्यवस्था तक पहुंच रहा है। श्री मोदी ने देश के संसाधनों पर पहला अधिकार गरीबों, दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों को दिया है। भारत में 60 करोड़ लोग ऐसे थे जिनके पूरे परिवार में एक भी बैंक खाता नहीं था, लेकिन उनके नेतृत्व में दुनिया में होने वाले कुल डिजिटल ट्रांजेक्शन्स में से आधे भारत में हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश में संपर्क सुविधा के विस्तार से अब डिजिटल तरीके से गरीबों को सीधे अनाज मिलने की व्यवस्था हो जाएगी। जिस प्रकार प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) ने देश में से घपले-घोटालों को समाप्त कर दिया, उसी प्रकार खाद्य आपूर्ति मंत्रालय का यह कदम आने वाले दिनों में पारदर्शी वितरण प्रणाली सुनिश्चित करेगा। प्रधानमंत्री के मंत्र, ' न्यूनतम सरकार, अधिकतम सुशासन को आज एक नए क्षेत्र में धरातल पर उतारने का काम हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित