भदोही , मार्च 6 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव गमछे के सहारे लटका मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि क्षेत्र के रामपुर घाट स्थित अमिलौर गांव में गुरुवार देर रात एक युवक का शव उसके मकान के कमरे में गमछे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे फंदे से उतारकर एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गांव निवासी सुरेंद्र वर्मा (30) के रूप में हुई है, जो लोक निर्माण विभाग में कर्मचारी बताया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के भाई जितेंद्र वर्मा ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि गांव की एक युवती से सुरेंद्र का प्रेम संबंध था और युवती की मां तथा उसके भाई ने मिलकर हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित