पटना , अप्रैल 08 -- बिहार सरकार की ओर से गन्ना किसानों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराना आवश्यक है।

पंजीकरण के बाद ही किसानों को गन्ना विभाग के माध्यम से संचालित योजनाओं का लाभ मिलेगा। इसके लिए विभाग ने राज्य के गन्ना किसानों से शीघ्र रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है।

गौरतलब है कि बिहार सरकार ने राज्य के गन्ना किसानों के हित लिए कई योजनाएं शुरू की है, जिसमें मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना, गन्ना यंत्रीकरण योजना, बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम आदि शामिल है, जिससे किसानों को गन्ना की खेती करने में आसानी हो सके और उनका आय बढ़ सके।

गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत गन्ना की बुआई से लेकर गन्ना की कटाई तक के लिए अत्याधुनिक यंत्रों की खरीद पर सरकार 50 से 60 फीसदी तक अनुदान दे रही है, जिससे किसान बेहतर तरीके से गन्ना की खेती कर सकें। बताया जाता है कि गन्ना उद्योग विभाग की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए गन्ना किसानों को पंजीकरण करना होगा तभी सरकार की योजनाओं का लाभ उन्हें मिल पाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित