रुद्रपुर , मार्च 31 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस ने गदरपुर क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई सनसनीखेज हत्याकांड के मामले में दो नामजद आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर और कारतूस भी बरामद किए हैं। यह मामला रविवार का है जब ग्राम बकैनिया निवासी सर्वेश्वर सिंह की घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक की पत्नी उर्मिला सिंह ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर सर्वजीत सिंह, रविशंकर उर्फ गुड्डू समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम गठित की। पुलिस अधीक्षक (अपराध) काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में गदरपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और सर्विलांस व सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर उनकी लोकेशन ट्रैक की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सकैनिया क्षेत्र के कुईखेड़ी तिराहे के पास दबिश देकर सर्वजीत सिंह (45) और रविशंकर उर्फ गुड्डू (46) को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक किशोर को भी नियमानुसार संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 32 बोर लाइसेंसी रिवॉल्वर, एक खोखा कारतूस और पांच कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत ममाला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही सभी का आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित