रायगढ़, 27 जनवरी 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ में रायगढ़ शहर के प्रसिद्ध गणेश तालाब में नगर निगम द्वारा संचालित मछली पालन तालाब में बीते करीब 15 दिनों से लगातार मछलियों के मरने का मामला सामने आया है। प्रतिदिन 10 से अधिक मछलियों की मृत्यु से स्थानीय नागरिकों और मछली प्रेमियों में चिंता का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम और फिशरी विभाग की टीम ने आज तालाब का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया।
नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के असिस्टेंट इंजीनियर सुरेश देवांगन ने बताया कि मछलियों की लगातार हो रही मृत्यु को लेकर फिशरी विभाग से संपर्क किया गया था। फिशरी विभाग की जांच में यह सामने आया कि तालाब में अत्यधिक मात्रा में आटा और ब्रेड खिलाए जाने के कारण पानी में ऑर्गेनिक मैटर की मात्रा बढ़ गई है। इससे पानी का कंसंट्रेशन बढ़ने और ऑक्सीजन की कमी के कारण मछलियों में बीमारियां फैल रही हैं।
फिशरी विभाग द्वारा पानी की गुणवत्ता सुधारने के लिए केमिकल उपचार का सुझाव दिया गया, जिसके तहत नगर निगम कर्मचारियों द्वारा तालाब में आवश्यक केमिकल डाला गया है। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी फिशरी विभाग के मार्गदर्शन में ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। यदि हालात में सुधार नहीं होता और मछलियों की मृत्यु दर बढ़ती है, तो मछलियों को सुरक्षित स्थान पर अन्य तालाबों में शिफ्ट करने पर भी विचार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित